युवक ने दोस्त पर किया चाकू से हमला, फिर नाबालिग की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

जशपुर जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने महज एक घंटे के भीतर दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दे दिया। आरोपी ने पहले अपने दोस्त को शराब पीने के बहाने सुनसान इलाके में ले जाकर चाकू से हमला किया, फिर रास्ते में मिले एक नाबालिग लड़के की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। मामला सिटी कोतवाली जशपुर थाना क्षेत्र के कोमडो और भागलपुर बरटोली गांव का है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी सचिन राम ने पहले अपने दोस्त सूरज रजक को मोटरसाइकिल से कोमडो गांव ले जाकर चाकू मारकर घायल कर दिया। घायल युवक किसी तरह मंदिर में छिपकर अपनी जान बचाई। इसके करीब एक घंटे बाद आरोपी ने 15 वर्षीय कृष्णा भगत को रास्ते में रोककर जमीन पर पटक दिया और हाथ-मुक्कों व लात से बुरी तरह मारपीट की। गंभीर चोट लगने से नाबालिग की मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ हत्या, चाकूबाजी और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




