ऑपरेशन आघात: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 200 लीटर महुआ शराब जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार

जशपुर – होली और रमजान के त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जशपुर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” नाम से बड़ा अभियान चलाया। इस अभियान के तहत जिला मुख्यालय के विभिन्न इलाकों में एक साथ छापेमारी की गई, जिसमें 200 लीटर से अधिक अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की गई और 2000 किलो से अधिक महुआ पास नष्ट किया गया। जशपुर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जिला मुख्यालय के डीपा टोली, तेली टोली, टंकी टोली, गाढ़ा टोली, बरटोली और बस स्टैंड के पीछे मस्जिद पारा जैसे संवेदनशील इलाकों में एक साथ रेड की। इस कार्रवाई में 25 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस ने तीन महिलाओं और एक पुरुष को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में मंजूसा बाई, अनिता बाई, पार्वती बाई और जीतू यादव शामिल हैं, जिन पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के इस सख्त अभियान से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। जशपुर पुलिस ने साफ कर दिया है कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।




