महिला की अश्लील फोटो वायरल करने वाला आरोपी उड़ीसा से गिरफ्तार….

जशपुर – सोशल मीडिया पर महिला की अश्लील फोटो वायरल करने के मामले में जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी सोलेमान शेख को उड़ीसा के अंगुल जिले से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घटना के बाद से ही फरार था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
मामला थाना फरसाबहार क्षेत्र का है, जहाँ 32 वर्षीय शादीशुदा महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि घर निर्माण के दौरान परिचित हुआ आरोपी सोलेमान शेख बातचीत के दौरान वीडियो कॉलिंग के जरिए उसे झांसे में लेकर अश्लील फोटो लेता रहा और बाद में बदनाम करने की नीयत से उसे इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 79 और आईटी एक्ट की धारा 67(A) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी कोलकाता भाग गया था, लेकिन पुलिस की टेक्निकल टीम के ट्रैकिंग और मुखबिरों की सूचना के आधार पर अंततः उसे उड़ीसा में दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन को भी जब्त कर उसके संदिग्ध डेटा की जांच शुरू कर दी है।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की तैयारी कर ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं से जुड़े साइबर अपराधों में कोई भी आरोपी बख्शा नहीं जाएगा।




