GPS, कैमरा और आधुनिक तकनीक से लैस होंगे डायल-112 वाहन, पुलिस बेड़े में शामिल हुईं हाईटेक इमरजेंसी रिस्पांस गाड़ियां

रायपुर में पुलिस व्यवस्था को और अधिक आधुनिक और तेज बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। रायपुर पुलिस ग्राउंड में डायल-112 फेज-2 नेक्स्ट जेन सेवा का शुभारंभ किया गया। इस दौरान नई हाईटेक इमरजेंसी रिस्पांस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में मंत्री विजय शर्मा, विधायक राजेश मूणत, विधायक पुरंदर मिश्रा, कमिश्नर संजीव झा, मेयर मीनल चौबे सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
देश के गृहमंत्री द्वारा पूरे छत्तीसगढ़ के लिए डायल-112 सेवा को मजबूत करने के उद्देश्य से 400 अत्याधुनिक संसाधनों से लैस वाहनों की सौगात दी गई है। इसी कड़ी में रायपुर पुलिस को डायल-112 फेज-2 परियोजना के तहत 54 इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल और 4 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन मिले हैं।
इन वाहनों में GPS सिस्टम, PTZ कैमरा, डैश कैमरा और मोबाइल डेटा टर्मिनल जैसी आधुनिक तकनीक दी गई है, जिससे आपात स्थिति में पुलिस की प्रतिक्रिया और अधिक तेज और प्रभावी हो सकेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। नई तकनीक आधारित सेवाओं के जरिए आम लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।




