नदी में डूबने से दो वर्षीय मासूम की मौत, गांव में पसरा मातम

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर जिले के हिर्री थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां नदी में डूबने से दो साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जानकारी के मुताबिक, मोहदा गांव निवासी दो वर्षीय बालक देवेश निषाद के माता-पिता घर के कामकाज में व्यस्त थे।
इसी दौरान मासूम खेलते-खेलते घर से बाहर निकल गया और पास बह रही नदी तक पहुंच गया। कुछ ही देर में बच्चा नदी में गिर गया और डूब गया।
जब परिजनों को बच्चे के नदी में गिरने की जानकारी मिली, तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों की मदद से बच्चे को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस को अवगत कराया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




