बिलासपुर
बिलासपुर-रतनपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा : आटे से भरी माजदा पलटी, तीन घायल, ढाई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। कटनी से रायपुर आटा लेकर जा रही तेज रफ्तार स्वराज माजदा सिद्धिविनायक मंदिर के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और पलट गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें दो केबिन में बुरी तरह फंसे रह गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। नगरवासियों की तत्परता और ढाई घंटे के कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गैस कटर की मदद से फंसे युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों में लक्ष्मण यादव का एक पैर दब गया था, जिसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में रतनपुर पुलिस के जवानों और नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप ने अहम भूमिका निभाई। हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन पर से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।




