डीजल चोरी और लूटपाट में शामिल तीन आरोपी गिरफ्तार, 150 लीटर डीजल और लूट का माल बरामद

जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डीजल चोरी और रास्ता रोककर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से डीजल, मोटरसाइकिल, मोबाइल, नकदी और चांदी की चैन भी बरामद की गई है।
पूरा मामला 7 जून की रात का है, जब नैला निवासी विरेन्द्र कश्यप अपनी बाइक से जर्वे से नैला लौट रहा था। तभी पाली डेम के पास तीन युवकों – सुरेन्द्र उर्फ चिनु पटेल, रवि बरेठ और राजेश पटेल ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उसे गालियां दीं, डंडा और बेल्ट से मारपीट की और उसके पास से ₹10,000 नकद, गले की चांदी की चैन और मोबाइल फोन लूट लिया।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसकी बाइक को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर बलौदा थाना में मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू की।
इसी स्थान पर एक और वारदात 8 जून को हुई, जब एक ट्रेलर चालक वाहन खड़ा कर आराम कर रहा था। तभी तीनों आरोपी दो बाइक पर सवार होकर आए और ट्रेलर की डीजल टंकी को तोड़कर 150 लीटर डीजल तीन जरीकेनों में भरकर ले भागे। इस संबंध में भी पुलिस ने अलग से मामला दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में बलौदा थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव और उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुरेन्द्र उर्फ चिनु को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपराध कबूल किया और अपने साथियों का नाम भी बताया। इसके बाद घेराबंदी कर बाकी दोनों आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 150 लीटर डीजल, दो मोटरसाइकिल, लूटा गया मोबाइल, नकदी और चांदी की चैन जब्त कर ली है। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। बलौदा पुलिस की इस त्वरित और निर्णायक कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं।




