हाईवे पर पुलिस को देखकर भाग रही स्कॉर्पियो पलटी, डीजल चोरी गैंग की आशंका, वाहन से डीजल और औजार बरामद

रायगढ़ – हाईवे पर पुलिस को देखकर भाग रही एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई।
घटना एनएच-49 पर अमलीभौना स्थित HP पेट्रोल पंप के सामने की है, जहां वाहन से डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, फर्जी नंबर प्लेट और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।पुलिस को आशंका है कि यह वाहन डीजल चोरी करने वाले गिरोह से जुड़ा हो सकता है। मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला, जबकि स्कॉर्पियो को जूटमिल पुलिस ने जब्त कर लिया है। फरार चालक और वाहन मालिक की तलाश जारी है।
एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात कुमार पटेल के निर्देश पर रायगढ़ पुलिस द्वारा हाईवे और अंदरूनी मार्गों पर विशेष निगरानी की जा रही थी।इसी दौरान भोर में एनएच-49 पर खरसिया से रायगढ़ की ओर आ रही एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में भागने लगी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और स्कॉर्पियो अमलीभौना स्थित HP पेट्रोल पंप के सामने पलट गई।सूचना पर पहुंची जूटमिल पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जहां से डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, अतिरिक्त फर्जी नंबर प्लेट और बिना सिम के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।पुलिस ने संदिग्ध अवैध गतिविधि में उपयोग की आशंका पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत स्कॉर्पियो वाहन जब्त कर लिया है।
फिलहाल वाहन मालिक और फरार चालक की पहचान व तलाश की जा रही है।




