मामूली विवाद बना जानलेवा, हत्या के दो आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के खरखोद गांव में मामूली विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया। विवाह कार्यक्रम में शामिल होने आए जगदीश प्रजापति का शव तीन मई को गांव में एक घर के पीछे संदिग्ध हालत में मिला। शव में सड़न शुरू हो चुकी थी, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना आगे बढ़ाई गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक 29 अप्रैल की रात शराब के नशे में पत्नी और डेढ़ वर्षीय बेटे के साथ विवाद कर रहा था। परिजनों के समझाने के बाद वह घर छोड़कर गांव में ही दूसरे स्थान पर जाकर सो गया था। अगले दिन से उसका कोई पता नहीं चला। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने लगातार पतासाजी की और संदेह के आधार पर दो आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गला दबाकर, डंडे तथा हाथ-मुक्कों से मारपीट कर हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने देसाई कुम्हार और रामनारायण प्रजापति को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में जांजगीर-चांपा पुलिस की पामगढ़ थाना टीम की अहम भूमिका रही।




