बिलासपुर

ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी का खुलासा, सिविल लाइन पुलिस ने 24 घंटे में 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। मंगला क्षेत्र स्थित एक ज्वेलर्स दुकान में हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस ने महज एक दिन के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में तीन और चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हुआ है।

Advertisement

25 तारीख को मंगला क्षेत्र के पास स्थित मां ज्वेलर्स में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई थी। चोरों ने दुकान से लगभग एक किलो चांदी और कुछ सोने के जेवर, कुल मिलाकर करीब 3 लाख 75 हजार रुपये के सामान पर हाथ साफ किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस ने तत्काल टीम गठित की और लगातार कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों के नाम सोनू उर्फ शिवा सूर्यवंशी, राहुल सूर्यवंशी आदित्य सूर्यवंशी और नंद कुमार केवट सभी आरोपी 19 से 20 वर्ष की उम्र के हैं और मंगला क्षेत्र के निवासी हैं।

Advertisement

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने तीन और चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। मंगला में करीब 40 हजार रुपये की चोरी कुदुदंड इलाके में 11 हजार रुपये की चोरी, मैत्री विहार कॉलोनी में 3 हजार रुपये की चोरी इस तरह चारों मामलों में चोरी की रकम और सामान की बरामदगी की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी आमतौर पर सूने मकानों को निशाना बनाते थे, रात के समय या दिन में ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। फिलहाल आरोपियों से और भी चोरी के मामलों को लेकर पूछताछ जारी है।

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है। साथ ही संभावना जताई जा रही है कि आगे और भी चोरी के मामलों का खुलासा हो सकता है। बिलासपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से साफ है कि अपराधियों पर शिकंजा लगातार कसा जा रहा है। फिलहाल जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button