चौक चौराहों का वही हाल, राह चलते लोग बेहाल…..
(दिलीप जगवानी) : बिलासपुर – शहर में जहां ट्रैफिक व्यवस्था बाधित हो रहा है उसमें देवकीनंदन चौक नेहरू चौक ईदगाह मगरपारा चौक और राजीव गांधी चौक प्रमुख है इनमें से कुछ जगहों से मूर्तियां हटा कर आइलैंड तोड़ दिया गया है। लेकिन इन स्थानों पर अभी भी ट्रैफिक सिग्नल नहीं लगाया गया है। जिसके कारण आइलैंड हटाने का उद्देश्य पूरा होता नहीं दिख रहा है। देवकीनंदन चौक से मलबा नही हटाया गया है जिससे आते जाते वाहन सवार परेशान हो रहे है। इससे हर समय दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। राजीव गांधी चौक पर लगी पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा शिफ्ट करने डिवाइडर से सटाकर पैडेस्टल तैयार किया जा रहा है। काम की रफ्तार देखकर नही लग रहा ये इस महीने पूरा किया जा सकेगा। कांग्रेस के शासन में नेहरू चौक को संवारने का काम पिछले 3 महीनों से चल रहा है इसका घेरा कभी बडा तो कभी छोटा किया जाता है। इसकी डिजाइन में दो मर्तबा फेरबदल किया गया है।काम में देरी के कारण व्यस्ततम नेहरू चौक पर ट्रैफिक रोजाना बेकाबू हो रहा है। यही आलम ईदगाह चौक पर आइलैंड हटाए जाने के बाद से हो रहा है यहां सड़क के बीचो बीच में गोल राउंड में गड्ढा पड़ गया है जिससे लोग दुर्घटना का शिकार होते हैं। मगरपारा और इंदु चौक में भी कमोबेश यही स्थिति है।