बिलासपुर

लोहे की बंदिशों से आजाद हुए पेड़, बिलासपुर नगर निगम का मानसून से पहले बड़ा ‘ग्रीन एक्शन’

(जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर – मानसून की दस्तक से पहले बिलासपुर को और हरा-भरा बनाने के लिए नगर निगम ने एक बेहद अनोखी और सराहनीय मुहिम शुरू की है। बरसों से लोहे के ट्री-गार्ड और तीखे कटीले जालों में जकड़े बड़े हो चुके पेड़ों को अब इस कैद से आजाद किया जा रहा है, ताकि वे खुलकर सांस ले सकें और उनकी प्राकृतिक वृद्धि न रुके। इसके साथ ही निगम कबाड़ हो चुके ट्री-गार्ड्स का ऐसा री-यूज कर रहा है जिससे निगम के लाखों रुपये बच रहे हैं। आखिर क्या है नगर निगम का यह ‘ग्रीन नवाचार’, देखिए हमारी इस विशेष रिपोर्ट में..

Advertisement

लोहे की बंदिशों से आजाद होते पेड़ और पर्यावरण संरक्षण की यह मुस्तैद तस्वीरें बिलासपुर शहर की हैं। मानसून के आगमन से ठीक पहले नगर निगम बिलासपुर शहर की हरियाली को सुरक्षित रखने और पर्यावरण संतुलन को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष अभियान चला रहा है। शहर के अलग-अलग चौकों-चौराहों और सड़कों के किनारे बरसों से लोहे के ट्री-गार्ड और जालियों में जकड़े बड़े पेड़ों को अब मुक्त किया जा रहा है, ताकि उनकी प्राकृतिक वृद्धि बाधित न हो और वे खुलकर विकसित हो सकें।अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे पेड़ों की पहचान कर ट्री-गार्ड हटाए जा रहे हैं जो अब पूरी तरह से आत्मनिर्भर और विकसित हो चुके हैं। इसके साथ ही, बारिश और तेज हवाओं के दौरान कोई पेड़ राहगीरों पर न गिरे, इसलिए सूखे और जर्जर पेड़ों को भी चिन्हित कर सुरक्षित तरीके से हटाने की कार्रवाई की जा रही है। निगम ने इस अभियान को जन-जागरूकता से जोड़ने के लिए पेड़ों पर बेहद भावुक और संदेशात्मक तख्तियां भी लगाई हैं, जो शहरवासियों को वृक्षों के संरक्षण के प्रति जागरूक कर रही हैं।

निगम की इस मुहिम की सबसे खास बात है कबाड़ से जुगाड़ और राजस्व की बचत। हटाए गए इन पुराने और डैमेज हो चुके ट्री-गार्डों को फेंकने के बजाय निगम की वर्कशॉप में लाया जा रहा है। यहाँ इनकी मरम्मत, वेल्डिंग और दोबारा डेंटिंग-पेंटिंग की जा रही है। इस शानदार नवाचार में निगम के वेल्डर प्रदीप विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका है, जो दिन-रात एक कर इन्हें नया रूप दे रहे हैं। मरम्मत के बाद तैयार इन ट्री-गार्ड्स को इसी बरसात के मौसम में लगाए जाने वाले नए पौधों की सुरक्षा के लिए दोबारा तैनात किया जाएगा.इस रिसाइक्लिंग और री-यूज के फॉर्मूले से बिलासपुर नगर निगम को नए ट्री-गार्ड खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे निगम का लाखों रुपये का सरकारी खर्च बचेगा। शहरवासी भी निगम प्रशासन की इस जिम्मेदार और दूरदर्शी सोच की जमकर सराहना कर रहे हैं, जो हरियाली बचाने के साथ-साथ जनता के पैसे की भी बचत कर रही है.

Related Articles

Back to top button