नए साल पर मां महामाया मंदिर में लगा भक्तों का तांता….

(जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर – नए साल के पहले दिन धर्म नगरी रतनपुर पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। बिलासपुर जिले के सिद्ध शक्तिपीठ मां महामाया मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ के चलते मंदिर परिसर चहल-पहल से सराबोर हो गया।
नववर्ष की शुरुआत मां महामाया के आशीर्वाद के साथ करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में मत्था टेका और परिवार सहित सुख-समृद्धि की कामना की। कड़ाके की ठंड के बावजूद भक्तों की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था। मंदिर ट्रस्ट समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई, जहां भक्तों ने भोग-प्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर में पुजारियों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान संपन्न कराए गए। सुबह से ही गर्भगृह में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने भी पुख्ता इंतजाम किए थे। यातायात और पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया।
नववर्ष के मौके पर रतनपुर के प्रवेश द्वार स्थित खंडोबा मंदिर और भैरव बाबा मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। पूरे क्षेत्र में उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा, जहां भजन-कीर्तन और जयकारे वातावरण मे गूंज उठे। नववर्ष के पहले दिन मां महामाया के दरबार में उमड़ी यह भीड़ श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास का जीवंत उदाहरण बन गई।




