दुर्ग

अंतर्राज्यीय ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। थाना छावनी पुलिस ने मुख्य आरोपी निशांत कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर उसके नेटवर्क का खुलासा किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी “सी-बी क्रिकेट बज़ बेटिंग ऐप” और “रूबीबेट” के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर महाराष्ट्र के नागपुर में संचालित सट्टा सेंटर पर छापा मारकर कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Advertisement

जांच में पता चला कि उत्तरप्रदेश और बिहार के युवकों को वेतन देकर ऑनलाइन सट्टे के कारोबार में लगाया गया था। आरोपी डिपॉजिट, विड्रॉल, आईडी मैनेजमेंट और तकनीकी संचालन का काम करते थे। गिरोह द्वारा प्रतिदिन 4 से 5 लाख रुपये और प्रतिमाह करीब डेढ़ करोड़ रुपये का ऑनलाइन लेन-देन किया जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 26 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 2 आईपैड, 85 एटीएम कार्ड, 18 पासबुक, 45 सिम कार्ड, नकदी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।

Advertisement

विवेचना में यह भी सामने आया कि ऑनलाइन सट्टे से अर्जित रकम को फर्जी बैंक खातों और सिम कार्डों के माध्यम से खपाया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 23 लाख रुपये मूल्य के सोने और डायमंड के आभूषण भी जब्त किए हैं, जिन्हें अवैध कमाई से खरीदा गया था। मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता और टेलीकॉम एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब इस पूरे वित्तीय नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button