शौक में बने चोर, वाहन चलाने के जुनून में 5 नाबालिगों ने की चोरी, कई वाहन बरामद

दुर्ग पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में 5 विधि से विरुद्ध संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। पुलगांव थाना क्षेत्र के अंजोरा चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन सभी को अभिरक्षा में लिया।जानकारी के मुताबिक, 12 अप्रैल को अंजोरा निवासी एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत दर्ज की गई थी, जिसके बाद पुलिस लगातार पतासाजी में जुटी हुई थी। इसी दौरान 23 अप्रैल को अंजोरा साप्ताहिक बाजार में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर घेराबंदी कर 5 बालकों को पकड़ा गया।
पूछताछ में बालकों ने बताया कि नए-नए वाहन चलाने के शौक में वे चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। उनकी निशानदेही पर चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल समेत एक्टिवा और अन्य दो मोटरसाइकिल व एक स्कूटी बरामद की गई है।
पुलिस ने सभी बालकों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें किशोर न्याय बोर्ड में पेश कर बाल संप्रेषण गृह पुलगांव भेज दिया है। साथ ही अन्य मामलों में भी उनकी संलिप्तता को लेकर जांच जारी है।
दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वाहन सुरक्षित स्थान पर रखें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, साथ ही अभिभावक बच्चों पर विशेष ध्यान रखें ताकि वे आपराधिक गतिविधियों से दूर रहें।




