ब्याज के पैसे की लेनदेन बनी हत्या की वजह, पुलिस ने 10 आरोपियों को किया गिरफ्तार.

दुर्ग में ब्याज के पैसों के लेनदेन से शुरू हुआ विवाद खून-खराबे में बदल गया। सोना-चांदी और ब्याज पर पैसे देने का काम करने वाले संतोष आचारी की हत्या कर दी गई। घटना के महज तीन घंटे के भीतर ही पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतक की पत्नी वी. रानी सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पति ने दादू सोनी को कुछ रकम ब्याज पर दी थी, जिसे वह लंबे समय से वापस नहीं कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बार-बार विवाद होता था। 7 नवंबर को भी पैसे की मांग को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद देर रात संतोष आचारी की हत्या कर दी गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि दादू सोनी और उसके बेटे तरुण सोनी ने पुरानी रंजिश और पैसों के विवाद के चलते अपने साथियों अनिल यादव, मनीष सोनी, हीरा सोनी, अमन तिवारी, राहुल ढीमर, योगेश ठाकुर, श्यामू, धन्नू सेन, अर्पित शर्मा और शिवा सोनी के साथ मिलकर संतोष आचारी के घर पहुंचकर उस पर हमला किया। सभी ने डंडों और मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना में प्रयुक्त डंडे और अन्य सामग्री पुलिस ने जब्त कर ली है। सभी दस आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




