अग्निवीर में चयनित हुए धूमा और बारगांव के दो युवा, ग्रामीणों ने किया सम्मान

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर – पथरिया विकासखंड के ग्राम धूमा और बारगांव के दो युवाओं ने भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दीनानाथ मरावी और मनीष कुमार ध्रुव का चयन जीडी यानी जनरल ड्यूटी पद पर हुआ है। अत्यंत साधारण और निर्धन आदिवासी परिवार से ताल्लुक रखने वाले दोनों युवाओं ने सीमित संसाधनों के बीच गांव के मैदान, पगडंडी और सड़कों पर लगातार अभ्यास कर यह सफलता हासिल की।
अग्निवीर में चयन होने पर सरगांव बस स्टैंड स्थित भक्त माता कर्मा मंदिर परिसर में दोनों युवाओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। वरिष्ठ समाजसेवी बाबा परेटन गिरी और जनपद सदस्य एवं सभापति मनीष साहू ने मुंह मीठा कराकर, पुष्पमाला पहनाकर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर दोनों युवाओं का सम्मान किया। इस दौरान भारत माता की जयघोष के साथ पूरे क्षेत्र ने उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया।
समाजसेवी बाबा परेटन गिरी ने दोनों युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र का नाम रोशन करने के साथ युवाओं के लिए नई प्रेरणा प्रस्तुत की है। वहीं जनपद सदस्य मनीष साहू ने कहा कि ग्रामीण अंचल से निकलकर देशसेवा के लिए चयनित होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
ज्ञात हो कि दीनानाथ मरावी और मनीष कुमार ध्रुव, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मदकू के होनहार छात्र रहे हैं। शिक्षकों के मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से दोनों ने यह उपलब्धि हासिल की। कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य शंकर लाल साहू, संकुल समन्वयक भगवती प्रसाद मिश्र, दयाराम यादव, व्याख्याता राजेश कुमार साहू, हरिशंकर लहरी, नाथूराम ध्रुव, प्रधानपाठक मोतीलाल अनंत, ललित कुमार यादव, देवेन्द्र कुमार साहू और समाजसेवी युवा कार्यकर्ता उदित साहू सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




