गंगा घाट पर नाव हादसा, 2 की मौत, 5 लापता….

बिहार के बाढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। बाढ़ के प्रसिद्ध उमानाथ गंगा घाट पर मंगलवार तड़के एक बड़ा नाव हादसा हो गया। दियारा इलाके की ओर जा रही एक नाव अचानक गंगा नदी में असंतुलित होकर डूब गई। नाव में कुल 14 लोग सवार थे।
हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से अब तक 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 2 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं, 5 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सुबह-सुबह लोग उमानाथ गंगा घाट से नाव के जरिए दियारा क्षेत्र जा रहे थे। इसी दौरान बीच नदी में नाव अचानक पलट गई और सभी लोग गंगा में गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर पुलिस, SDRF और स्थानीय गोताखोरों की टीम पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है।




