तेज रफ्तार बस बनी मौत का कारण, बाइक सवार युवक की मौके पर मौत

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। बेलसरी मुख्य मार्ग के पास हुए भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। सवारी बस और बाइक के बीच हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम लीदरी निवासी 42 वर्षीय बृजराज उर्फ गोविंद महादेवा किसी निजी काम से तखतपुर आ रहे थे। इसी दौरान बेलसरी मुख्य मार्ग के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार सवारी बस ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भयावह था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और गंभीर रूप से घायल युवक सड़क पर जा गिरा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए सड़क को क्लियर कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। तेज रफ्तार और लापरवाही लगातार सड़क हादसों की बड़ी वजह बन रही है। तखतपुर में हुए इस हादसे ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया।




