फीस के नाम पर ठगी करने वाला पूर्व लेखापाल गिरफ्तार….

बिलासपुर – कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेंट जेवियर हाई स्कूल रानीसागर में फीस घोटाले के मामले में कोटा पुलिस ने एक बड़े आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी जाशिल एस.एम. जेहान, जो कि स्कूल में लेखापाल के पद पर पदस्थ था, पर अभिभावकों से फीस के नाम पर अपने खाते में पैसे लेकर फरार होने का आरोप है।
इस संबंध में स्कूल के प्राचार्य द्वारा थाना कोटा में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने फीस की राशि विद्यालय के खाते में जमा नहीं कर अपने व्यक्तिगत बैंक खाते में ट्रांसफर कर लिया और बाद में फरार हो गया।
पुलिस ने मामले में धारा 408, 420 भा.दं.वि. एवं 66(घ) आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और एएसपी ग्रामीण अर्चना झा एवं एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में कोटा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।




