आम की ट्रे में छिपाकर ले जा रहे 207 किलो गांजा जब्त….

जशपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 क्विंटल 7 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। मामला कांसाबेल थाना अंतर्गत दोकड़ा चौकी क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने एक पिकअप वाहन से करोड़ों रुपए कीमत का गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी गांजा को उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जा रहा था और पुलिस को गुमराह करने के लिए पिकअप में आम की ट्रे के नीचे 207 पैकेट में गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन क्रमांक UP-70-RT-6633 को बहाल जोर के पास पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रेमनाथ सिंह, निवासी बगीचा क्षेत्र, जशपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कार्रवाई में पुलिस ने 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रुपए की जप्ती की है, जिसमें गांजा, पिकअप वाहन, मोबाइल फोन और नगदी शामिल है। जशपुर पुलिस के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक नशे के खिलाफ कार्रवाई में 744 किलो से अधिक गांजा, प्रतिबंधित कफ सिरप और ब्राउन शुगर जब्त कर 27 तस्करों को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




