06 गौ वंशों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया गया, एक आरोपी गिरफ्तार

जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए 06 गौ वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस दौरान एक आरोपी तस्कर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक घटना चौकी मनोरा क्षेत्र के ग्राम हाड़िकोना और नगरकोना की है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति 5 से 6 गौ वंशों को मारते-पीटते झारखंड की ओर ले जा रहा है।
सूचना पर चौकी प्रभारी दिनेश पुरैना की टीम ने कोल्हू डीपा जंगल में घेराबंदी कर छापा मारा और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल एक्का (36), निवासी धनीटोली थाना आस्ता जिला जशपुर के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गौ वंशों को हासमीन नामक व्यक्ति के कहने पर गोविंदपुर, झारखंड ले जा रहा था। लेकिन वह पशुओं के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया। पुलिस ने सभी 06 गौ वंशों को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर दूसरे तस्कर की भी पहचान की गई है, जिसकी तलाश जारी है।
इस पूरे मामले में पुलिस ने छग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि अब तक ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस 1250 से अधिक गौ वंशों को छुड़ाकर, 140 गौ तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगा और किसी भी कीमत पर गौ तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




