जशपुर

पुलिस को ऑपरेशन शंखनाद में मिली दोहरी सफलता, 21 गौवंशों को कराया मुक्त, पांच तस्कर गिरफ्तार

जशपुर पुलिस को ऑपरेशन शंखनाद के तहत एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 21 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है और कुल पांच पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक आरोपी झारखंड का फरार तस्कर भी शामिल है, जो पहले से पुलिस की तलाश में था।

Advertisement

पहली कार्रवाई चौकी दोकड़ा क्षेत्रांतर्गत की गई, जहां मुखबिर की सूचना पर रेबड़ा जंगल के पास से तीन तस्करों को पकड़कर 21 नग गौवंशों को बरामद किया गया। इस दौरान एक किया सोनेट कार, 75 हजार नगद, मोबाइल फोन और कुल 16 लाख 95 हजार रुपए का माल जप्त किया गया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान ललिंदर राणा, सुनील टेटे, राजेश बीलूंग खड़िया (सभी झारखंड निवासी) और मो. नजीबुल्लाह हुसैन (उड़ीसा निवासी) के रूप में हुई है। एक अन्य आरोपी सरफराज आलम फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

Advertisement

दूसरी कार्रवाई थाना दुलदुला क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने जनवरी में हुए एक पुराने पशु तस्करी मामले में फरार चल रहे झारखंड के मुख्तार हक को गिरफ्तार किया। मुख्तार, तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन का मालिक है और उसके खिलाफ झारखंड में चोरी व अवैध खनन के प्रकरण भी दर्ज हैं।

इन कार्रवाइयों के तहत आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, वहीं फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

इन दोनों सफल अभियानों में चौकी दोकड़ा प्रभारी उनि अशोक यादव, थाना फरसाबहार प्रभारी उनि विवेक भगत सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है, जिसके अंतर्गत अब तक 800 से अधिक गौवंशों को मुक्त कराया जा चुका है।

Related Articles

Back to top button