बिलासपुर में 20 किलो गांजा जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार, ऑटो से हो रही थी सप्लाई

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। वाहन चेकिंग के दौरान ऑटो में सवार तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया, जो गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ज्वाली नाला के पास कुछ युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। सूचना के आधार पर टीम गठित कर मौके पर रेड की गई, जहां तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद पीठू बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।पकड़े गए आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के सागर, भोपाल और दमोह जिले के रहने वाले युवकों के रूप में हुई है। तीनों के पास से अलग-अलग मात्रा में गांजा मिला, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
इस मामले में सिटी कोतवाली थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच कर अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी है।




