रेल कबाड़ से बन रही 10 फीट ऊंची भगवान बुद्ध की प्रतिमा, कोचीन डिपो में नवाचार की मिसाल

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कोचीन डिपो में इन दिनों नवाचार की अनोखी मिसाल देखने को मिल रही है। यहां रेलवे के अनुपयोगी कबाड़ से 10 फीट ऊंची भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा तैयार की जा रही है। करीब 3500 लॉकिंग प्लेट और 400 स्प्रिंग के टुकड़ों से बन रही यह प्रतिमा रेलवे की रचनात्मक सोच और इंजीनियरिंग कौशल का शानदार उदाहरण है।
इस कलाकृति का निर्माण वरिष्ठ अधिकारी बलराम साहू और वरिष्ठ अनुभाग अभियंता राजू सोनकुसले के निर्देशन में किया जा रहा है। रेलवे के कलाकार अशोक देवांगन अपनी टीम महेश कौशल, घनश्याम, संतोष और राजकुमार पटेल के साथ प्रतिमा को आकार दे रहे हैं। यह पहल रेलवे के नवाचार अभियान का हिस्सा है, जिसमें अनुपयोगी सामग्री को नया और आकर्षक रूप दिया जा रहा है।
सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह के मुताबिक, रेलवे में बेकार पड़े रिफ्यूज मटेरियल को वेल्डिंग के जरिए सुंदर कलाकृतियों में बदला जा रहा है, जिससे स्वच्छता भी बनी रहती है और संसाधनों का बेहतर उपयोग भी होता है। गौरतलब है कि कलाकार अशोक देवांगन इससे पहले भी रेल स्क्रैप से कई ऐतिहासिक और धार्मिक प्रतिमाएं बनाकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं।



