बिलासपुर के बच्चों का कमाल, ऑल इंडिया जूनियर बास्केटबॉल में हासिल किया गोल्ड मेडल

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के युवा खिलाड़ियों ने एक बार फिर शहर का नाम रोशन किया है। बच्चों ने उज्जैन में आयोजित ऑल इंडिया जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया है।उज्जैन में आयोजित ऑल इंडिया जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता में बिलासपुर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और गोल्ड मेडल हासिल कर शहर को गौरवान्वित किया।
इस टीम का नेतृत्व शुभम ने कप्तान के रूप में किया, जबकि अहमद ने वाइस कप्तान की जिम्मेदारी निभाई। टीम में वरुण, लक्की, पीयूष, वासु, बन्नी, अमन, साहिल और ऋषभ जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल रहे, जिन्होंने अपने दमदार प्रदर्शन से जीत सुनिश्चित की।
खिलाड़ियों ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने कोच टी.एस. प्रकाश राव को दिया है। वे छत्तीसगढ़ के सीनियर बास्केटबॉल के पहले खिलाड़ी रह चुके हैं, साथ ही इंडियन टीम के कप्तान भी रह चुके हैं।
खास बात यह है कि कोच टी.एस. प्रकाश राव वर्तमान में बिलासपुर रेल मंडल में टीटीई के पद पर पदस्थ हैं और इसके साथ-साथ वे रेलवे कर्मचारियों के बच्चों को अपनी अकादमी में निःशुल्क प्रशिक्षण दे रहे हैं, ताकि इन बच्चों का भविष्य खेल के क्षेत्र में उज्ज्वल बन सके।




