ऑपरेशन प्रहार : पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.15 करोड़ का अवैध कबाड़ और वाहन जप्त

रायगढ़ पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पूंजीपथरा पुलिस ने एक ही दिन में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर यह कार्रवाई की।
पुलिस ने घेराबंदी कर 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन को पकड़ा, जिनमें करीब 134 टन लोहे का स्क्रैप लोड था। वाहन चालकों से स्क्रैप के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने स्क्रैप और वाहनों को जप्त कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
इसके अलावा पुलिस ने मिनी राइस मिल पूंजीपथरा में छापेमारी कर मैग्नीज मेटल और पाईलेट लोहे की बड़ी मात्रा भी बरामद की। पुलिस ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार पर रोक लगाने के लिए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




