कोनी में सड़क पर युवक-युवतियों ने केक काटा, आतिशबाजी का वीडियो वायरल….

बिलासपुर में हाईकोर्ट के निर्देश और आईजी-एसएसपी की सख्त कार्रवाई के बावजूद नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सरकंडा-कोनी मार्ग पर देर रात युवक-युवतियों द्वारा बीच सड़क पर केक काटने और आतिशबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ युवक-युवतियां सड़क के बीचों-बीच गाड़ियां खड़ी कर जन्मदिन मना रहे हैं। केक काटने के साथ जमकर आतिशबाजी की जा रही है। इस दौरान यातायात और आम लोगों की सुरक्षा की अनदेखी की गई।
गौरतलब है कि हाल ही में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और यातायात बाधित करने के मामलों को लेकर हाईकोर्ट ने सख्त निर्देश दिए थे। इसके बाद आईजी और एसएसपी ने भी शहर में सख्ती और गश्त बढ़ाने के निर्देश जारी किए थे। बावजूद इसके, कोनी थाना क्षेत्र में इस तरह की घटना सामने आना सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकंडा-कोनी सड़क पर देर रात असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। कुछ समय पहले इसी मार्ग पर युवाओं के साथ मारपीट और लूटपाट की घटना भी हो चुकी है। ऐसे में सड़क पर इस तरह जश्न मनाना न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी खतरनाक है। लोगों ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर संबंधित युवक-युवतियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस वायरल वीडियो पर क्या कार्रवाई करती है।




