जय बुद्धदेव नगर में अधूरा नाली निर्माण, वार्ड 12 के रहवासी परेशान — मच्छरों और बदइंतजामी से बढ़ी मुश्किलें

बिलासपुर के सिरगिट्टी क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक 12, जय बुद्धदेव नगर में नाली निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय रहवासी परेशान हैं। आरोप है कि पिछले एक महीने से काम चल रहा है, लेकिन कई घरों के सामने काम अधूरा छोड़ दिया गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उनके घर के सामने पिछले 12 से 15 दिनों से निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है, जिससे गंदा पानी जमा हो रहा है और मच्छरों की समस्या बढ़ गई है। रहवासियों ने पार्षद को भी शिकायत की, लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। ठेकेदार का कहना है कि पहले पूरी नाली बन जाने दीजिए, बाद में सुधार कर देंगे, लेकिन रहवासियों का तर्क है कि घर बन जाने के बाद तोड़फोड़ करना व्यावहारिक नहीं है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य को जल्द और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्र में साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं न बढ़ें। फिलहाल क्षेत्रवासी बदइंतजामी और मच्छरों की बढ़ती समस्या से काफी परेशान हैं।




