बिलासपुर

शेयर ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी का बड़ा खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, करोड़ों के फ्रॉड से जुड़े तार

साइबर अपराध के खिलाफ बिलासपुर रेंज साइबर थाना को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के बैंक खातों से देशभर में करोड़ों रुपये के साइबर अपराधों के तार जुड़े मिले हैं।

Advertisement

मामला बिलासपुर की नर्मदा नगर कॉलोनी की एक महिला से जुड़ा है, जिसे शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर 17 लाख 21 हजार 100 रुपये की ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाया गया। शिकायत मिलने के बाद रेंज साइबर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच शुरू की। जांच के दौरान रायपुर, रायगढ़ और सक्ती से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी साइबर ठगी की रकम को विभिन्न बैंक खातों के जरिए प्राप्त और ट्रांसफर कर रहे थे।

Advertisement

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मुकेश कुमार दास के तीन बैंक खातों के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में 13 साइबर फ्रॉड शिकायतें दर्ज हैं, जिनसे जुड़ी संदिग्ध राशि करीब 8 करोड़ रुपये पाई गई है। वहीं एक अन्य आरोपी संदीप कुमार चंद्रा के खाते के खिलाफ भी गुजरात, तेलंगाना, कर्नाटक और दिल्ली समेत कई राज्यों में शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के खातों में करीब एक करोड़ रुपये होल्ड कराए हैं। एनसीआरपी पोर्टल से मिले इनपुट के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button