किंग ढाबा हत्या और लूट कांड का खुलासा, 3 आरोपी व 1 नाबालिग गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर पुलिस ने हत्या और लूट की दो सनसनीखेज घटनाओं का खुलासा करते हुए 03 आरोपियों और 01 विधि के साथ संघर्षरत बालक सहित कुल 04 को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना खरोरा और थाना तिल्दा नेवरा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पहली घटना 17 दिसंबर 2025 की है, जब थाना खरोरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरौड़ा स्थित किंग ढाबा के सामने लूट के प्रयास के दौरान धारदार हथियार से हमला कर शिव कुमार साहू की हत्या कर दी गई थी। घायल अवस्था में अस्पताल ले जाते समय उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
दूसरी घटना थाना तिल्दा नेवरा क्षेत्र के ग्राम बहेसर की है, जहां तालाब के पास संदीप यादव और उसके साथी से धारदार हथियार दिखाकर मोबाइल फोन और नगदी लूट ली गई थी। विरोध करने पर संदीप यादव पर हमला कर आरोपी फरार हो गए थे।
दोनों घटनाओं को वरिष्ठ अधिकारियों ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट का मोबाइल फोन, नगदी रकम, घटना में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिल और 02 धारदार हथियार जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से अन्य आपराधिक घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ जारी है, जिससे और मामलों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।




