सूखे नशे के साम्राज्य पर पुलिस का प्रहार, हिस्ट्रीशीटर समेत 2 गिरफ्तार

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सूखे नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कालीबाड़ी-नेहरू नगर क्षेत्र में सक्रिय संगठित ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। लंबे समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया और उसके भाई संजू को गिरफ्तार कर पुलिस ने इलाके में फैले अवैध नशे के साम्राज्य को ध्वस्त कर दिया है।डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता की संयुक्त मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने यह कार्रवाई की।
पूरे नेटवर्क का खुलासा 24 फरवरी को हुआ, जब नेहरू नगर नरैया तालाब क्षेत्र में दो आरोपियों को गांजा बेचते पकड़ा गया। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने कालीबाड़ी क्षेत्र में नाले के पास बने एक आधुनिक हाइडआउट पर दबिश दी। यहां से करीब 7 किलो 397 ग्राम गांजा, पैकिंग सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, वाई-फाई उपकरण, सीसीटीवी कैमरे और मोशन सेंसर बरामद किए गए।
इसके बाद 25/26 फरवरी की दरम्यानी रात नरेश्वर मंदिर, नरैया तालाब क्षेत्र में सुनियोजित दबिश देकर मुख्य सरगना मुकेश बनिया और उसके भाई संजू को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 6 किलो 119 ग्राम गांजा, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, 2400 नग अल्प्राजोलम की नशीली गोलियां और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, मुकेश बनिया लंबे समय से फरार था और खुद को माफिया बताकर इलाके में दहशत फैला रहा था। वह लगातार मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश और उड़ीसा में ठिकाने बदल रहा था।
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी), 21(बी) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की जांच में जुटी है।रायपुर पुलिस ने साफ कर दिया है कि सूखे नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




