अंधे कत्ल का खुलासा, रंजिश में की थी युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। कड़ी मेहनत और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला भैसाझार जंगल में युवक की हत्या से जुड़ा हुआ है।
दिनांक 04 दिसंबर 2025 को रतनपुर थाना में सूर्यप्रकाश बघेल की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने तकनीकी इनपुट के आधार पर उसकी तलाश भैसाझार जंगल और डैम के पास तेज़ी से शुरू की।
लेकिन अगले ही दिन, 05 दिसंबर को, जंगल की झाड़ियों के बीच सूर्यप्रकाश की मोटरसायकल और उसका शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ। मामला बेहद गंभीर था, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह (IPS) ने तत्काल विशेष टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अर्चना झा, SDOP लालचंद मोहले, FSL और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। हत्या का मामला दर्ज किया गया और रतनपुर थाना व ACCU की संयुक्त जांच टीम ने कई संदिग्धों से पूछताछ शुरू की।
जांच में सामने आया कि मृतक का तीन महीने पूर्व से गांव के ही रंजीत खाण्डे और सुधीर खाण्डे से विवाद चल रहा था। दोनों आरोपी गांव से अलग रह रहे थे। तकनीकी सबूतों और कड़ाई से पूछताछ के बाद दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने पूर्व रंजिश के चलते लोहे के पाइप और लकड़ी के बेंत से हमला कर सूर्यप्रकाश की हत्या की थी। घटना में प्रयुक्त हथियार और मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। पुलिस अब अन्य संभावित सहयोगियों और पहलुओं की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी में रंजीत खाण्डे, पिता स्व. तितरा राम खाण्डे, उम्र 23 वर्ष निवासी भैंसाझार, हाल मुकाम भरारी (भुंडा),सुधीर खाण्डे, पिता स्व. तितरा राम खाण्डे, उम्र 21 वर्ष निवासी भैंसाझार, हाल मुकाम भरारी (भुंडा)
इस महत्वपूर्ण सफलता में थाना प्रभारी रतनपुर उपनिरीक्षक कमलेश कुमार बंजारे, SI मेलाराम कठौतिया, सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक अजहर उद्दीन, उपनिरीक्षक हेमंत आदित्य, प्रधान आरक्षक राहुल सिंह, आतिश पारिख, बलदेव सिंह, कौशल खुंटे, आरक्षक आकाश डोंगरे, धीरज कश्यप, महादेव कुजूर, तदबीर पोर्ते और दीपक मरावी सहित पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।
रतनपुर पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच की बदौलत एक अंधे कत्ल की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। पुलिस अब घटना से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।




