बिलासपुर

मल्हार क्षेत्र को मिली 36 करोड़ की बिजली परियोजना की सौगात, 125 गांवों को मिलेगी बेहतर आपूर्ति

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले के मल्हार क्षेत्र को आज एक बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी लिमिटेड ने 36 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत से बने 132/33 केवी उपकेन्द्र और 132 केवी डबल सर्किट लाइन का उर्जीकरण किया है। इस परियोजना से अब मस्तुरी विधानसभा के 125 गांवों के लगभग 46 हजार उपभोक्ताओं को निरंतर और उच्च गुणवत्ता वाली बिजली की आपूर्ति मिल सकेगी।

Advertisement

19.9 करोड़ रुपए की लागत से मल्हार में 132/33 केवी उपकेन्द्र और 16.4 करोड़ रुपए की लागत से 10 किलोमीटर लंबी 132 केवी डबल सर्किट लाइन का निर्माण छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड द्वारा किया गया है। इस उपकेन्द्र का उर्जीकरण ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री आर.के. शुक्ला की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी और क्षेत्रीय कर्मचारी मौजूद रहे।

Advertisement

कार्यक्रम में मौजूद कार्यपालक निदेशक श्रीमती कल्पना घाटे ने बताया इस उपकेन्द्र से मस्तुरी, पचपेड़ी, चिल्हाटी, केंवटाडीह और मल्हार के उपकेन्द्रों को डबल सप्लाई की सुविधा मिलेगी। इससे ब्रेकडाउन में कमी आएगी और लो-वोल्टेज की समस्या भी दूर होगी।

डबल सप्लाई सिस्टम से अब बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और भरोसेमंद होगी। उपभोक्ताओं को अब बार-बार की बिजली कटौती या वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी। पॉवर कंपनी के अनुसार, यह परियोजना ग्रामीण और अर्धशहरी इलाकों की ऊर्जा आवश्यकताओं को दीर्घकालीन समाधान देने में मददगार साबित होगी।

छत्तीसगढ़ सरकार और पॉवर कंपनी की इस पहल से अब मस्तुरी क्षेत्र के सैकड़ों गांवों में विकास की रफ्तार को नई ऊर्जा मिलेगी। गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति से ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि, उद्योग और घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ा लाभ मिलेगा।

Related Articles

Back to top button