जशपुर

भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ट्रेलर से टकराई, पांच लोगों की मौके पर मौत

शनिवार देर रात एनएच–43 पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

Advertisement

हादसा जशपुर के दुलदुला थाना क्षेत्र के पतराटोली के पास देर रात हुआ। जानकारी के अनुसार कार कुनकुरी से जशपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान अंधेरा और तेज रफ्तार के कारण चालक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर को नहीं देख सका और कार सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी।

Advertisement

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार एक भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका। मृतक जशपुर जिले के चराईडांड़ इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद दुलदुला थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने सभी शवों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुलदुला भेजा, जहाँ पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। थाना प्रभारी के.के. साहू ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि मृतकों की पहचान के लिए परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और ट्रेलर का सड़क किनारे खड़ा होना हादसे की मुख्य वजह बताई जा रही है।

पांच लोगों की एक साथ मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और लोगों से रात के समय सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

 

Related Articles

Back to top button