पुलिस का ‘ऑपरेशन शंखनाद’ जारी, 22 गौवंश कराए गए मुक्त, नाबालिग सहित 2 गिरफ्तार

जशपुर जिले में गौ तस्करी के खिलाफ पुलिस का ‘ऑपरेशन शंखनाद’ लगातार जारी है। ताजा मामले में चौकी मनोरा पुलिस ने 22 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है।
घटना जशपुर जिले के चौकी मनोरा क्षेत्र की है। रविवार सुबह टेटुंग राम नामक ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी कि उसके चार गायें जंगल में चरने के दौरान गायब हो गईं। तलाश करने पर उसने दो लोगों को अपने पशुओं को हांकते हुए देखा। जब उसने ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी, तो लोगों ने तस्करों को घेर लिया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके से झारखंड के गुमला जिले के रहने वाले जमरुद्दीन मियां और एक 16 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया। इनके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और गौ तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज करने की तैयारी में है।




