नर्सिंग छात्रा ने की आत्महत्या, हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटकता मिला शव

बिलासपुर – मस्तूरी थाना क्षेत्र के एक निजी हॉस्टल में नर्सिंग कॉलेज की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान यामिनी कोसले (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पचपेड़ी के लोहर्सी गांव की रहने वाली थी और संदीपनी नर्सिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार, यामिनी मंगलवार सुबह अपनी सहेलियों के साथ कॉलेज गई थी, लेकिन दोपहर में वह अकेले ही हॉस्टल लौट आई। शाम करीब 6:30 बजे जब उसकी रूममेट्स वापस लौटीं, तो उन्होंने यामिनी को पंखे से लटकते हुए पाया। तत्काल हॉस्टल संचालक और पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची मस्तूरी पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल की जांच की। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि छात्रा के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है, क्योंकि उसे लगातार अनजान नंबरों से फोन कॉल आ रहे थे।
पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना देकर शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया, बुधवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




