पटाखा जलाते समय मासूम गंभीर रूप से झुलसा, चेहरे के सामने फूटा बम, सीसीटीवी फुटेज आया सामने

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। दीपावली से पहले पटाखा जलाने के दौरान एक 9 साल का मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। यह हादसा मोहन नगर थाना क्षेत्र के दीपक नगर में हुआ है।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक यादव नाम का 9 वर्षीय बच्चा घर के बाहर पटाखा जला रहा था। उसी दौरान उसने एक बमनुमा पटाखा जलाया, जो उसके चेहरे के सामने ही फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि बच्चे का चेहरा और हाथ गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे के पूरे दृश्य कैद हुए हैं। फुटेज में दिख रहा है कि जैसे ही बच्चे ने पटाखा जलाया, वह पल भर में उसके चेहरे पर फट गया और धुआं चारों ओर फैल गया।
घटना के वक्त मां और पिता दोनों घर पर मौजूद नहीं थे, वे अपने-अपने काम पर गए हुए थे। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत अभिषेक को सेक्टर 9 अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
फिलहाल मोहन नगर पुलिस ने घटना की जानकारी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने अपील की है कि दीपावली के दौरान छोटे बच्चों को अकेले पटाखे जलाने न दें, और हमेशा बड़ों की निगरानी में ही आतिशबाजी की जाए ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।




