अलग-अलग रेड में जुआ खेलते 54 जुआरी गिरफ्तार

दुर्ग जिले में पुलिस ने व्यापक अभियान चलाकर कई जगहों पर दबिश दी और 54 जुआंड़ियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनसे नगदी, वाहन और मोबाइल सहित कुल 20 लाख से ज्यादा का मशरूका जब्त किया है।
दीपावली की पूर्व संध्या पर दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में जुआं खेलने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया।
इस दौरान अमलेश्वर के ग्राम करगा स्थित एक फार्म हाउस में दबिश देकर 6 आरोपियों को मौके पर ही पकड़ा गया। यहां से पुलिस ने 1 लाख 11 हजार से ज्यादा की नकदी, 6 मोबाइल, एक बुलेट मोटरसाइकिल और दो चार पहिया वाहन बरामद किए — जिनकी कुल कीमत करीब 19 लाख रुपए बताई जा रही है।
इसी तरह जिले के कुम्हारी, उतई, धमधा, नेवई, छावनी, जेवरा सिरसा और अंजोरा इलाकों में भी पुलिस ने दबिश देकर कुल 14 प्रकरण दर्ज किए।
इन कार्रवाइयों में कुल 54 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और करीब 1 लाख 45 हजार रुपए की जुआं रकम बरामद की गई।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ जुआं प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत की गई है और आगे भी ऐसे अवैध कार्यों पर सख्त नज़र रखी जाएगी।




