लूटकांड का पुलिस ने किया पर्दाफाश, 10 लाख 44 हजार समेत 3 आरोपी गिरफ्तार….

जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नैला क्षेत्र में व्यापारी से हुई 10 लाख रुपए की लूट का पुलिस ने महज सात दिन में खुलासा कर दिया है।यह पूरी वारदात 6 सितंबर की रात करीब 9:15 बजे की है। नैला के कुबेर पारा गली में व्यापारी अरुण कुमार अग्रवाल से चाकू की नोक पर 10 लाख रुपए लूट लिए गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और सीएसपी कविता ठाकुर तत्काल मौके पर पहुंचे और चार टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, बदमाशों और व्यापारी से जुड़े पुराने व वर्तमान कर्मचारियों से पूछताछ की। साथ ही साइबर टीम ने टेक्निकल सर्विलांस और गुप्त सूत्रों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तार आरोपियों में मास्टरमाइंड व्यापारी का पूर्व नौकर, आदतन बदमाश मुकेश सूर्यवंशी और नितेश पंडित शामिल हैं। मास्टरमाइंड ने करीब 17 दिन पहले अपने साथियों के साथ इस वारदात की प्लानिंग की थी।पुलिस ने आरोपियों से लूट की पूरी रकम 10 लाख 44 हजार रुपए नगद, वारदात में इस्तेमाल बाइक, चाकू और सर्जिकल ब्लेड बरामद किया है।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी मुकेश सूर्यवंशी पहले भी हत्या के प्रयास और कई आपराधिक मामलों में फरार चल रहा था। वहीं आरोपियों ने जुलाई में बोड़सरा शराब दुकान में ढाई लाख की चोरी करना भी स्वीकार किया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में एएसपी उमेश कुमार कश्यप और सीएसपी कविता ठाकुर के नेतृत्व में साइबर टीम और जांजगीर-चांपा पुलिस की कई टीमों ने विशेष भूमिका निभाई।




