5 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार….

जांजगीर-चांपा: अवैध रूप से गांजा परिवहन कर रहे एक आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये बताई जा रही है, तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर अवैध कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 23 जून को क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। मुखबिर की सूचना पर ग्राम धुरकोट के पास घेराबंदी की गई, जहां एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम घसियाराम साहू निवासी शिवरीनारायण बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 5 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता सहित उप निरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, एएसआई अरुण कुमार सिंह, एएसआई मुकेश कुमार पांडेय तथा अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




