पुलिस नियंत्रण कक्ष व डायल 112 के नए कार्यालय का एसएसपी व कलेक्टर ने किया उद्घाटन….

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व आधुनिक बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह एवं कलेक्टर संजय अग्रवाल ने थाना तारबाहर परिसर स्थित आईटीएमएस बिल्डिंग में नवीन पुलिस नियंत्रण कक्ष एवं डायल 112 कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया।
इससे पहले यह नियंत्रण कक्ष थाना सिविल लाइन परिसर में संचालित हो रहा था, जिसे अब स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत अत्याधुनिक तकनीकों से सुसज्जित आईटीएमएस भवन में स्थानांतरित किया गया है।
आईटीएमएस, कंट्रोल रूम और डायल 112 अब एक ही भवन से संचालित होंगे, जिससे समन्वय और भी बेहतर होगा और किसी भी घटना या आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि इस कदम से न केवल पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ेगी, बल्कि आम जनता की समस्याओं के निराकरण में भी तेजी आएगी। कंट्रोल रूम में 24×7 पुलिस बल तैनात रहेगा, जो किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई करेगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल, अर्चना झा, अनुज कुमार, रामगोपाल करियारे, नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।यह नई व्यवस्था बिलासपुर शहर को और अधिक सुरक्षित और स्मार्ट बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।




