प्लेटिनम बार के कंपाउंड में लगी आग, बड़ा हादसा टला…..

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – शुक्रवार की सुबह व्यापार विहार की एक ड्राई फ्रूट दुकान में लगी भीषण आग की घटना के कुछ ही घंटों बाद, शहर के महाराणा प्रताप चौक स्थित प्लैटिनम बार के कंपाउंड में भी भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बार के ठीक बगल में सूखे पेड़-पौधों की बड़ी मात्रा में पत्तियां जमा थीं।
अनुमान जताया जा रहा है कि दोपहर की तेज गर्मी और लापरवाही की वजह से इन सूखी पत्तियों में स्वतः आग लग गई, जिससे आग ने तेजी से फैलते हुए प्लेटिनम बार के कंपाउंड भीतर बने अस्थाई स्टोर रूम को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि चंद मिनटों में ही पूरे परिसर में धुएं का गुबार फैल गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।
मौके पर तुरंत दमकल की दो गाड़ियां पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन आग ने परिसर में मौजूद सामग्री को भारी नुकसान पहुंचाया है। शहर में लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में ज़िला प्रशासन को सतर्क रहने की ज़रूरत है।




