जशपुर

खेत विवाद बना खूनी झड़प का कारण, आदतन बदमाश को पुलिस ने किया गिरफ्तार

 

Advertisement

जशपुर – गुंडागर्दी करने की आदत एक आरोपी को भारी पड़ गई। कोल्हेनझरिया पुलिस ने खेत विवाद में मारपीट व गंभीर चोट पहुंचाने के आरोप में आरोपी सुनील यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Advertisement

मामला चौकी कोल्हेनझरिया क्षेत्र के ग्राम जोरंडाझरिया का है, जहां खेत जोतने के विवाद को लेकर आरोपी सुनील यादव ने प्रार्थी नरेंद्र यादव से न सिर्फ गाली-गलौच व जान से मारने की धमकी दी, बल्कि बीच-बचाव करने आए प्रार्थी के पिता रवि यादव की हाथ की मध्य उंगली दांत से काट डाली, जिससे उंगली नाखून सहित कट कर अलग हो गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2) व 117(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी सुनील यादव एक आदतन बदमाश है, जिसके विरुद्ध थाना कुनकुरी व तुमला में पूर्व में भी लूट, ठगी व मारपीट के प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ गुंडा लिस्ट खोलने की तैयारी कर रही है।

मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक कोमल नेताम, चौकी प्रभारी एएसआई टी.आर. सारथी, प्रधान आरक्षक मुकेश भगत, फ्रांसिस बेक, आरक्षक रुबेन तिग्गा व दुर्योधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले में गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button