बिलासपुर

बिलासपुर में बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश की संभावना….

 

Advertisement

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में मंगलवार का दिन राहत भरा रहा। आसमान में पूरे दिन बादल छाए रहे, जिससे तेज गर्मी और उमस से लोगों को काफी राहत मिली। अधिकतम तापमान सामान्य से 7.8 डिग्री कम रहा और 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Advertisement

मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव आने वाले प्री-मानसून सिस्टम्स के असर से हो रहा है। बुधवार को भी ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार हैं, गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।

कोटा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में मंगलवार को रिमझिम बारिश दर्ज की गई। ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहाना बना दिया, जबकि शहर में बारिश नहीं हुई, लेकिन बादलों और हवाओं के असर से तापमान गिरा है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2.3 डिग्री कम दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटों में मौसम और ज्यादा सक्रिय हो सकता है।

प्रदेश का मौसम इस समय चार बड़े मौसमी सिस्टमों से प्रभावित है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के कुछ हिस्सों में प्रवेश की स्थिति बन रही है।उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।समुद्र तल से 7.6 किमी ऊंचाई तक फैले सिस्टम के कारण बारिश के आसार हैं।यह सिस्टम उत्तर की ओर बढ़ रहा है, जिससे छत्तीसगढ़ के लगभग सभी जिलों में बारिश हो सकती है।

बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में आज भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 26 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

प्रदेश में बीते पांच दिनों में लगभग 2,840 मिमी बारिश दर्ज की गई है जो कि मई में होने वाली सामान्य बारिश का छह गुना है। मौसम विभाग इसे प्री-मानसून की सक्रियता मान रहा है।

मौसम का यह बदला मिजाज राहत के साथ-साथ सावधानी की भी चेतावनी लेकर आया है। मंगलवार को कोरबा में आकाशीय बिजली गिरने से 8वीं के छात्र की मौत हो गई, जबकि अंबिकापुर में तेज बारिश के कारण नदी-नालों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में आज तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Related Articles

Back to top button