देश

राजस्थान के इस मंत्री ने करवा चौथ को अंधविश्वास कह डाला.. भड़के हैं लोग

(शशि कोन्हेर) : राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार पहले ही कई मामलों में घिरी पड़ी है। इस बीच गहलोत के मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने शनिवार को एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। मेघवाल ने करवा चौथ को अंधविश्वास बताते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भारत में महिलाएं अभी भी चांद को छलनी से देखती हैं और करवा चौथ पर अपने पति की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करती हैं, जबकि विकसित देशों में महिलाएं विज्ञान की दुनिया में रहती हैं।

Advertisement

लोग अंधविश्वास में जी रहे…
बता दें कि मेघवाल ने कहा कि चीन और अमेरिका में महिलाएं विज्ञान की दुनिया में जी रही हैं, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज भी यहां करवा चौथ पर महिलाएं छलनी से चांद को देखकर अपने पति की लंबी उम्र की बात करती हैं। आपदा प्रबंधन और राहत मंत्री ने ‘डिजिफेस्ट’ के समापन समारोह में कहा यहां लोग अंधविश्वास में रह रहे हैं, वे धर्म और जाति के नाम पर दूसरों से लड़ रहे हैं। बता दें कि अशोक गहलोत भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे।

Advertisement

भाजपा ने की तीखी आलोचना
मेघवाल की टिप्पणी के बाद भाजपा ने उनकी तीखी आलोचना की। भाजपा ने उनसे माफी की मांग की और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से अपने सहयोगी के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।

Advertisement

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और विधायक रामलाल शर्मा ने मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी होनी चाहिए कि अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला अंतरिक्ष में गई थीं और कई भारतीय महिलाएं पायलट के रूप में काम कर रही हैं।

करोड़ों महिलाओं का अपमान
शर्मा ने आगे कहा कि मेघवाल ने देश की करोड़ों महिलाओं का अपमान किया है। उन्हें माफी मांगनी चाहिए और बयान वापस लेना चाहिए। मुख्यमंत्री को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। भाजपा नेता ने कहा कि भारतीय महिलाएं परंपराओं का पालन करने के लिए जानी जाती हैं और वे अपने निजी जीवन और पेशे के बीच संतुलन बनाना जानती हैं।

बाद में दी सफाई
हालांकि बाद में मेघवाल ने संवाददाताओं से कहा कि वह केवल वैज्ञानिक सोच और शिक्षा को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं करवा चौथ के खिलाफ नहीं हूं। जो कोई भी इसका पालन करना चाहता है वह ऐसा कर सकता है। मैं वैज्ञानिक स्वभाव के महत्व के बारे में बात कर रहा था।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button