8 साल के मासूम का अपहरण, चचेरा भाई ही निकला मास्टरमाइंड….बच्चे को किया गया रेस्क्यू

जांजगीर-चांपा जिले से अपहरण की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जमीन विवाद और फिरौती की लालच में चचेरे भाई ने ही 8 साल के मासूम का अपहरण कर लिया। लेकिन पुलिस ने सिर्फ 48 घंटे में बच्चा सकुशल बरामद कर लिया।
25 अगस्त की शाम मुलमुला थाना क्षेत्र के लगरा गांव से बच्चा अचानक लापता हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पांडेय ने तुरंत साइबर टीम और थाना पुलिस को जांच के लिए लगाया। करीब 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी जांच के बाद पुलिस को सुराग मिला कि अपहरण का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि बच्चे का चचेरा भाई राहुल टंडन ही है।
राहुल ने अपने साथियों प्रशांत मैना और उमेश दिवाकर के साथ मिलकर 10 लाख की फिरौती मांगने की योजना बनाई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से दो वाहन भी जब्त किए हैं।पुलिस की तत्परता और साइबर टीम की सक्रियता से मासूम को जीपीएम जिले के करीआम इलाके से सकुशल छुड़ाया गया। फिलहाल बच्चा अपने परिवार के पास सुरक्षित है, जबकि इस वारदात ने पूरे जिले को दहला दिया है।




