चरित्र शंका से परेशान पत्नी ने की पति की गला दबाकर हत्या….

जांजगीर-चांपा – जिले के चाम्पा थाना क्षेत्र में चरित्र शंका को लेकर आए दिन होने वाले विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। लगातार मारपीट और प्रताड़ना से परेशान एक महिला ने अपने ही पति की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपिया दुर्गा बड़ाइक (35 वर्ष), निवासी मंझली तालाब, चाम्पा के पति सोमराज बड़ाइक शराब पीने के बाद अक्सर चरित्र शंका के चलते पत्नी से गाली-गलौज और मारपीट करता था। 7 सितंबर की रात फिर से विवाद हुआ, जिसके बाद महिला ने गुस्से और प्रताड़ना से तंग आकर अपने पति की तकिया और हाथों से गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना की जानकारी परिजनों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने सोमराज बड़ाइक को मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस ने महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और घटना में प्रयुक्त तकिया भी जप्त कर लिया। पूछताछ में महिला ने अपना अपराध स्वीकार किया।
आरोपी महिला के खिलाफ अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता, उपनिरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, सिलमनी टोप्पो और पुलिस टीम के अन्य जवानों की अहम भूमिका रही।




