विवाद के दौरान चली गोली, रिटायर्ड आर्मी हवलदार हिरासत में, घायल युवक अस्पताल में भर्ती

जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई है। लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली में एक युवक घायल हो गया, जिसे गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे की है, जब विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ हिमांशु किराना स्टोर के पास पहुंचकर गाली-गलौज कर रहे थे। दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास द्वारा विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान हिमांशु श्रीवास के भाई गुलशन श्रीवास ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से पंकज कश्यप पर फायर कर दिया। गोली पंकज के जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मामले की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी उमेश कश्यप मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मुख्य आरोपी गुलशन श्रीवास, जो कि रिटायर्ड आर्मी सिग्नल कोर का हवलदार है, को उसके भाई सहित हिरासत में ले लिया है।पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।




