मुंगेली

युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पर जानलेवा हमला, पशु तस्करी का विरोध पड़ा भारी.

(हिमांशु लाल) : मुंगेली – युवक कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप साहू और उनके साथी योगेश डहरिया पर बीती रात जानलेवा हमला किया गया है। इस मामले को लेकर युवा कांग्रेस ने पुलिस पर गंभीर धाराएं नहीं जोड़ने का आरोप लगाया है और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Advertisement

घटना मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के डिंडोरी ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप साहू अपने साथी योगेश डहरिया के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम अमलडीहा के पास उन्होंने एक छोटे हाथी वाहन को रोका, जिसमें कथित तौर पर अवैध रूप से मवेशियों की तस्करी की जा रही थी।

Advertisement

आरोप है कि वाहन में सवार तिरिथ साहू और उसके साथियों ने पूछताछ के दौरान पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों से दोनों पर हमला कर दिया। हमले में दिलीप साहू को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि योगेश डहरिया के साथ भी मारपीट की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी।

इस घटना को लेकर युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश छैदईया ने लोरमी थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी है। संगठन का आरोप है कि पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में गंभीर धाराएं शामिल नहीं की गई हैं। युवा कांग्रेस ने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाए।

युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों पर जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो जिला स्तर पर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है।

Related Articles

Back to top button